विश्व पर्यावरण दिवस पर रांची में 10,000 पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ

विवेकानंद महोत्सव परिवार एवं दिव्यम ड्रीम फाउंडेशन द्वारा आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर विशाल वृक्ष वितरण एवं वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली को बढ़ावा देना तथा लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।

संस्था द्वारा 4 जून से 4 जुलाई 2026 तक 10,000 पौधे लगाने एवं वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान पौधों के वितरण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया गया। पौधे प्राप्त करने वाले सभी लोगों को पौधों की सुरक्षा एवं देखरेख के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने हेतु प्लास्टिक के उपयोग को त्यागने का भी संकल्प दिलाया गया।

                                                               

इस पुनीत अभियान के अंतर्गत हजारों लोगों के बीच फलदार एवं छायादार पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। संस्था यह सुनिश्चित करने के लिए भी प्रयासरत रहेगी कि लगाए गए पौधों का उचित संरक्षण एवं रखरखाव हो।

संस्था के आयोजक कुमुद झा एवं कृष्णा मिश्रा ने बताया कि यह जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण का अभियान है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे दान करने, लगाने एवं उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए यह सहयोग अत्यंत प्रेरणादायक एवं लाभकारी सिद्ध होगा।

इस कार्यक्रम में कई संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ, जिनमें चैंबर ऑफ कॉमर्स, अजमानी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, एबी ग्रुप्स, विभिन्न कॉलेजों के छात्र तथा एनसीसी के सदस्य शामिल रहे। संस्था ने जून माह को पर्यावरण संरक्षण माह के रूप में मनाते हुए कम से कम 10,000 पौधों के वितरण का लक्ष्य रखा है।

इस सामाजिक एवं पर्यावरणीय पहल में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वालों में महापौर रोशनी खलखो, वन विभाग महिलोंग के डीएफओ विजय शंकर दूबे, पंजाबी हिन्दू बिरादरी के अध्यक्ष कुणाल आजमानी, भाजपा युवा मोर्चा झारखंड के अध्यक्ष शशांक राज, झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मलहोत्रा, पूर्व चैंबर अध्यक्ष ज्योति कुमारी बैद्य, किशन अग्रवाल, मारवाड़ी ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष अशोक पुरोहित, हिंदूवादी नेता भैरव सिंह, आशुतोष सिंह, विजय सिंह, नीतीश मिश्रा, कुशाग्र सिंह, निशांत, सतीश सिंह, विपुल मिश्रा, दीपक गुप्ता, अमित हर्षवीर, गुड्डू सिंह, शिवम यादव, देव नारायण, अनिल कुमार, दीपक राम, राजेश, अरुण सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu