महंगी बाइक की जिद में 400 केवी हाईटेंशन टावर पर चढ़ा किशोर, पिता की समझाइश से उतरा नीचे

राजधानी रांची के इटकी थाना क्षेत्र स्थित रायडीह गांव में एक किशोर के हाई-वोल्टेज टावर पर चढ़ जाने से घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय लड़का अपने पिता से करीब चार लाख रुपये कीमत की डोमिनार बाइक दिलाने की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर वह शुक्रवार को 400 केवी के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया और बाइक नहीं मिलने पर कूद जाने की धमकी देने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयासों के बावजूद किशोर नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद उसके पिता स्वयं टावर पर चढ़े और बेटे को समझाने का प्रयास किया। पिता की समझाइश के बाद शाम के समय किशोर सुरक्षित नीचे उतर आया।

घटना के दौरान गांव में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई थी। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई और किशोर को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu