रांची: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने संगठन विस्तार और जनाधार मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए खूँटी निवासी मनीष कुमार साहू को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल का प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने यह जिम्मेदारी उन्हें संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से सौंपी है।
पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले जिलों में संगठन के पुनर्गठन, विस्तार और मजबूती के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर जिला स्तर तक संगठन का विस्तार करने के साथ-साथ पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर पार्टी की सक्रिय इकाइयों को मजबूत किया जाएगा।
नवनियुक्त प्रभारी मनीष कुमार साहू ने केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संगठन हित में एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। साथ ही कहा कि झारखंड के विकास, स्थानीय अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर JLKM को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने के लिए सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
पार्टी ने यह भी जानकारी दी कि आने वाले दिनों में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के विभिन्न जिलों में सदस्यता अभियान, जनसंवाद कार्यक्रम और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, ताकि संगठन को और अधिक व्यापक एवं मजबूत बनाया जा सके।