टीएमसी विधायक मदन मित्रा के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, 7 परिसरों में जांच

पश्चिम बंगाल के कथित नगरपालिका भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक और पूर्व मंत्री मदन मित्रा से जुड़े सात ठिकानों पर छापेमारी की है।

ईडी के अनुसार, यह कार्रवाई भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और रिश्वत लेन-देन से जुड़े मामलों की जांच के तहत की गई है। जांच एजेंसी का आरोप है कि कुछ नगरपालिकाओं, खासकर कमरहाटी नगरपालिका में अयोग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति कराने के बदले बिचौलियों के माध्यम से नकद और सोने के रूप में रिश्वत लेने की जानकारी सामने आई है।

ईडी ने दावा किया है कि जांच में मदन मित्रा का संबंध 125 से अधिक कथित अवैध नियुक्तियों से जुड़ा पाया गया है। आरोप है कि इन नियुक्तियों में पात्रता मानकों की अनदेखी कर उम्मीदवारों को नौकरी दिलाई गई।

जांच एजेंसी ने बताया कि छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में धन शोधन और भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के अन्य पहलुओं की पड़ताल जारी है। ईडी के मुताबिक, जांच आगे बढ़ने के साथ और जानकारी सामने आ सकती है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu