रेलवे सिग्नल केबल चोरी करते युवक गिरफ्तार, मैरवा स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई

मैरवा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रेल संपत्ति चोरी की कोशिश को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नाकाम कर दिया। आरपीएफ की टीम ने सिग्नल केबल चोरी कर ले जा रहे एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के मनचउर गांव निवासी गंगासागर यादव के रूप में हुई है। उसके पास से करीब 25 हाथ लंबी 12-कोर सिग्नल केबल और केबल काटने में इस्तेमाल किया गया हेक्सा ब्लेड बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम करीब सात बजे मैरवा रेलवे स्टेशन पर रेल संपत्ति सुरक्षा और अपराध नियंत्रण ड्यूटी के दौरान आरपीएफ उप निरीक्षक जयेंद्र कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल देवेंद्र गुप्ता और कांस्टेबल लक्ष्मण यादव प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान स्टेशन के पश्चिमी छोर स्थित पुराने मालगोदाम के पास एक युवक सफेद प्लास्टिक के बोरे में भारी सामान लेकर जाता दिखा।

संदेह होने पर आरपीएफ जवानों ने युवक को रोककर बोरे की तलाशी ली, जिसमें सिग्नल केबल और हेक्सा ब्लेड बरामद हुआ। पूछताछ में युवक बरामद रेल सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

रेलवे विभाग ने बरामद केबल की कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई है। मामले में आरपीएफ पोस्ट सीवान में मुकदमा संख्या 06/26 दर्ज कर रेल संपत्ति अधिनियम की धारा-3 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह को सौंपी गई है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu