पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है। पार्टी ने शनिवार को इसकी घोषणा की।
कांग्रेस के अनुसार, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जून से देश के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला को संबोधित करेंगे। इन कार्यक्रमों में छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों, शिक्षकों और युवा संगठनों के प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि अभियान के पहले चरण में राहुल गांधी कई प्रमुख शहरों में छात्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी।
इसके बाद राहुल गांधी 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में आयोजित छात्र सम्मेलनों में हिस्सा लेंगे।
कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान के जरिए वह छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा रोजगार के अवसरों को लेकर सरकार से जवाब मांगेगी।