झारखंड में नशीले पदार्थों पर तत्काल प्रतिबंध की मांग, दोषियों पर कार्रवाई हो: डॉ. आर.पी. साहु

सदान विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रसाद साहु ने झारखंड सरकार से राज्य में पान मसाला, सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, ड्रग्स समेत अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री और कारोबार पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

डॉ. साहु ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राज्य में नशीले पदार्थों का कारोबार बड़े पैमाने पर संचालित हो रहा है, जिसका सबसे अधिक असर युवाओं, छात्र-छात्राओं और आम लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण कैंसर, दंत रोग और हृदय संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने में सरकार और प्रशासन अपेक्षित कदम नहीं उठा रहे हैं। डॉ. साहु ने बताया कि इस संबंध में पार्टी की ओर से राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को ज्ञापन सौंपकर जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी कारोबारी को नशीले उत्पादों की बिक्री के लिए लाइसेंस जारी किए गए हैं, तो जनहित और स्वास्थ्य सुरक्षा को देखते हुए उनकी समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

डॉ. साहु ने सामाजिक मुद्दों को उठाने के कारण सुरक्षा संबंधी चिंताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि पूर्व में मिली सुरक्षा बाद में वापस ले ली गई थी।

उन्होंने कहा कि सदान विकास पार्टी नशीले पदार्थों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेगी। इसी मुद्दे को लेकर 16 जून 2026 को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जिसकी जगह और समय की जानकारी 15 जून को अलग से दी जाएगी।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu