रांची, 12 जून: जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य, मतदाता मैपिंग, शिक्षा का अधिकार (RTE), राजस्व शिकायतों, कोषागार अनुपालन तथा आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने जिले में चल रहे जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा किया जाए। जिन घरों में सर्वेक्षण के दौरान लोग अनुपस्थित या घर बंद मिले हैं, वहां भारत सरकार एवं जनगणना निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पुनः संपर्क स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए।
बैठक में 13 एवं 14 जून 2026 को आयोजित होने वाले विशेष शिविर के माध्यम से मतदाताओं की मैपिंग के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि अधिक से अधिक मतदाताओं तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर निर्धारित समय पर कार्य प्रारंभ हो। उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) को बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को समुचित प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि मतदाता मैपिंग कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। जहां एईआरओ के पद रिक्त हैं, वहां शीघ्र नियुक्ति की जाए तथा सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की पदस्थापना सुनिश्चित की जाए। बीएलओ पर्यवेक्षकों को भी अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। बैठक में राजनीतिक दलों द्वारा प्रतिनियुक्त बीएलए-2 की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर निःशुल्क नामांकन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि प्रथम चरण की लॉटरी में चयनित सभी छात्रों का नामांकन सुनिश्चित कराया जाए।
आगामी मोहर्रम पर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने समय पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विधि-व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
राजस्व संबंधी शिकायतों पर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने अगले सप्ताह विशेष समीक्षा बैठक आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने एक सक्षम पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर शिकायतों के त्वरित निष्पादन तथा आवश्यक प्रतिवेदन और आरोप-पत्र तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में हाल ही में पदस्थापित अधिकारियों एवं कर्मियों के पहचान पत्र निर्माण तथा कोषागार संबंधी अनुपालन कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को वित्तीय अनुशासन बनाए रखते हुए समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समाहरणालय परिसर में जलजमाव, जल निकासी एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में प्रभावी व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्राधिकार के कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।