राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। शुक्रवार देर रात चली तेज आंधी और बूंदाबांदी से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।
मौसम विभाग ने शनिवार को राजस्थान के 23 जिलों में आंधी, मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
शुक्रवार को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर और चूरू समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। श्रीगंगानगर और चूरू के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई। बारिश और ओलों के चलते कई जगहों पर तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में उमस का असर बना रहा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिला।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फलोदी में 43.8, फतेहपुर में 43, बाड़मेर में 42.7, बीकानेर में 42.4 और चूरू में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
श्रीगंगानगर और चूरू में ओलावृष्टि से मौसम सुहावना हो गया। हनुमानगढ़, सवाई माधोपुर, बूंदी और बारां में भी बादल छाने के बाद हल्की बारिश हुई। जयपुर में शनिवार सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि शुक्रवार रात की आंधी और बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आई।
सीकर में रातभर हुई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। चित्तौड़गढ़ में तेज हवाओं के कारण गर्मी का असर कम महसूस हुआ।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि आने वाले समय में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, बिजली चमकने और बारिश की संभावना बनी रहेगी।