स्वच्छता को भाजपा और पीएम मोदी ने बनाया जन आंदोलन : जेपी नड्डा

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को शिमला के चौड़ा मैदान में आयोजित स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की सफाई की और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता को केवल सरकारी योजना तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे देशव्यापी जन आंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज देशभर के नागरिक स्वच्छता के महत्व को समझते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।

नड्डा ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता को लेकर नई सोच विकसित की है। पहले जहां स्वच्छता को लेकर उदासीनता दिखाई देती थी, वहीं अब युवा, महिलाएं और आम नागरिक इस अभियान से जुड़कर सामाजिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि स्वच्छता अभियान में भाग लेकर समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास करते हैं। शिमला प्रवास के दौरान डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा की सफाई और उन्हें श्रद्धांजलि देना उनके लिए सम्मान का विषय है।

जेपी नड्डा ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और स्वच्छ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu