करैत सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत, डुमरिया क्षेत्र में दहशत

पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र में करैत सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत हो गई। शनिवार रात अलग-अलग गांवों में हुई घटनाओं के बाद ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल है। मृतकों की पहचान सुमी सरदार और निनी महाकुड़ के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाओं को सांप के डंसने के बाद परिजन तत्काल डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पहली घटना में सुमी सरदार को करैत सांप ने डंस लिया था। हालत बिगड़ने पर उन्हें एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी जान नहीं बच सकी। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।

वहीं, बेसरापहाड़ी गांव की 28 वर्षीय निनी महाकुड़ को देर रात करैत सांप ने बाएं हाथ में डंस लिया। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे और सांप को पकड़कर बोतल में बंद कर चिकित्सकों को भी दिखाया। इसके बावजूद जहरीले करैत के जहर का असर तेजी से फैलने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu