औरैया में सांड के हमले से किसान की मौत, खेत में फसल बचाने गया था किसान

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत ग्वारी के मजरा बीरपुर में शनिवार सुबह सांड के हमले में 49 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान अपनी मूंग की फसल को बचाने के लिए खेत गया था, जहां सांड ने अचानक हमला कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, बीरपुर निवासी मान सिंह (49) पुत्र रज्जन सिंह सुबह करीब आठ बजे अपने घर के पास स्थित खेत में मूंग की फसल देखने पहुंचे थे। इसी दौरान एक सांड खेत में घुसकर फसल चरने लगा। किसान ने सांड को भगाने का प्रयास किया, लेकिन सांड ने उन पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांड ने किसान को सींगों से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने किसी तरह सांड को वहां से हटाया।

सूचना मिलते ही अछल्दा थाना प्रभारी सुरेशचंद्र और उपनिरीक्षक ब्रजकिशोर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं लेखपाल धीरेंद्र कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी।

मृतक किसान परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में पत्नी ममता देवी, 14 वर्षीय बेटी डॉली, छह वर्षीय बेटा अर्पित और चार वर्षीय बेटा शनि हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu