खदान और स्टोन क्रशर उद्योग शुरू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड के कांकु गांव के ग्रामीणों ने प्रस्तावित खनन (माइंस) और स्टोन क्रशर उद्योग को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर शनिवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए उद्योग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, पहुंच मार्ग निर्माण और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि कांकु और आसपास के क्षेत्र में रोजगार के सीमित साधन हैं, जिसके कारण बड़ी संख्या में युवक-युवतियां और मजदूर गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि खनन और स्टोन क्रशर उद्योग शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन पर रोक लगेगी।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव के 33 रैयत परिवारों ने स्वेच्छा से उद्योग स्थापना के लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि उद्योग शुरू होने से रोजगार के साथ-साथ सड़क, बिजली, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी विकास होगा।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक और स्वार्थी तत्व निजी हितों के कारण उद्योग संचालन में बाधा उत्पन्न करने, रास्ता रोकने और भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीण प्रतिनिधि हरिश्चंद्र महतो और अरविंद महतो ने कहा कि गांव के अधिकांश लोग उद्योग स्थापना के पक्ष में हैं। उन्होंने उपायुक्त से उद्योग क्षेत्र तक पहुंच मार्ग बनाने, सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने और स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu