ड्रोन से होगी कानपुर-झांसी हाईवे जाम की निगरानी, एएसपी ने दिए यातायात सुधार के निर्देश

उत्तर प्रदेश के उरई में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने शनिवार को कालपी कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों, मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, हवालात और मालखाने की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। वहीं कानपुर-झांसी हाईवे पर लगने वाले जाम की स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन से निगरानी कराई गई।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ने अभिलेखों के रखरखाव और नियमित अद्यतन की व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

डॉ. सोनी ने पुलिस कर्मियों को जनसुनवाई को प्राथमिकता देने और फरियादियों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई पर भी जोर दिया।

उन्होंने कोतवाली निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी को थाना परिसर में साफ-सफाई और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद एएसपी ने यमुना पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य और यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया।

एएसपी ने यातायात पुलिस और संबंधित अधिकारियों को जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने, डायवर्जन व्यवस्था को सुचारु रखने और वाहनों के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि यमुना पुल पर मरम्मत कार्य के दौरान यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। यातायात व्यवस्था की लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu