मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्नी कल्पना सोरेन के साथ मां दिउड़ी मंदिर में की पूजा-अर्चना, राज्य की खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ तमाड़ स्थित प्रसिद्ध सोलहभुजी मां दिउड़ी मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने मंदिर में माता रानी के दर्शन कर राज्यवासियों की सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा करते हुए उन्होंने मां दिउड़ी के दरबार में मत्था टेक आशीर्वाद लिया।

पूजन कार्य धार्मिक पुरोहित मनोज पंडा और मुख्य पाहन सुखराम की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया। मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें अपने बीच पाकर उत्साहित नजर आए।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध मां दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आने से सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu