15.110 किलो गांजा के साथ स्कूटी सवार दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

बोधघाट पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए स्कूटी से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 15.110 किलोग्राम अवैध गांजा, एक एक्टिवा स्कूटी, दो मोबाइल फोन और 1100 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक एक्टिवा स्कूटी से गांजा लेकर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में बोधघाट पुलिस और ब्लैक पैथर टीम ने लामनी रोड पर घेराबंदी कर जांच शुरू की।

इस दौरान संदिग्ध स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में स्कूटी सवार युवकों के बैग से 15.110 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुनील कश्यप (28), निवासी नानगुर और सागर कश्यप (22), निवासी नेगीगुड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu