शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को साकची के स्ट्रेट माइल रोड और बाजार क्षेत्र में प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। लगातार दूसरे दिन चले इस अभियान में अवैध पार्किंग, यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान का नेतृत्व डीएसपी ट्रैफिक नीरज पाठक ने किया। साकची चौक से रामलीला मैदान तक चले अभियान में क्यूआरटी जवान, ट्रैफिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। इस दौरान सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों को हटाया गया और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए। ब्लैक फिल्म लगी एक कार पर भी जुर्माना लगाया गया।
डीएसपी नीरज पाठक ने कहा कि स्ट्रेट माइल रोड पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़क किनारे अवैध पार्किंग किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
वहीं, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) ने साकची बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर तथा पार्किंग स्थलों पर दुकान लगाकर कारोबार कर रहे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जेएनएसी की टीम ने कई स्थानों से अवैध सामान जब्त किया और नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूला।
जेएनएसी पदाधिकारी अशोक तिवारी ने बताया कि पार्किंग स्थलों और सार्वजनिक जगहों पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी जब्ती और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए संयुक्त अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।