केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कर्नाटक के उडुपी जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जिले के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उडुपी पहुंचने के बाद वित्त मंत्री ने सबसे पहले प्रसिद्ध श्रीकृष्ण मठ में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। मठ प्रशासन और संत समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने श्री अनंतेश्वर मंदिर और श्री चंद्रमौलेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की शांति, समृद्धि और विकास के लिए प्रार्थना की।
अपने दौरे के दौरान निर्मला सीतारमण वर्तमान पर्याय पीठ से सुशोभित शिरूर मठ भी पहुंचीं, जहां शिरूर मठाधीश श्री वेदवर्धन तीर्थ श्रीपाद ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में धार्मिक संस्थाओं की भूमिका को लेकर चर्चा हुई। मठ की ओर से उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
केंद्रीय मंत्री ने श्री होसा मारिगुडी मंदिर और श्री महालक्ष्मी मंदिर में भी दर्शन किए। उच्चिल स्थित महालक्ष्मी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। इससे देश में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
वित्त मंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसरों और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा गया।