रजरप्पा मंदिर पुनर्विकास: विस्थापित दुकानदारों के लिए जमीन चिह्नित करने का निर्देश

रामगढ़, 13 जून (हि.स.)। रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज ने समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विस्थापित दुकानदारों को दुकान आवंटन के लिए चिन्हित जमीन का डिमार्केशन कराने का निर्देश दिया।

डीसी ने बताया कि झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देश के आलोक में विस्थापित दुकानदारों को दुकानें आवंटित की जानी हैं। इसके लिए चिन्हित भूमि की मापी और सीमांकन की जिम्मेदारी रामगढ़ एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, चितरपुर अंचल अधिकारी दीपक मिंज और गोला अंचल अधिकारी सीताराम महतो को दी गई है।

उन्होंने कहा कि कुल 254 दुकानदारों को लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से दुकान आवंटित की जाएगी। यह प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।

समीक्षा बैठक के दौरान डीसी ने मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।

बैठक में डीडीसी आशीष अग्रवाल, एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, विभिन्न अंचल अधिकारियों, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu