जूनियर पुरुष हॉकी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए 22 जून को झारखंड टीम का चयन ट्रायल

रांची, 13 जून (हि.स.)। तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित होने वाली 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप-2026 के लिए झारखंड टीम के गठन की तैयारी शुरू हो गई है। प्रतियोगिता 28 जुलाई से आठ अगस्त तक आयोजित होगी। इसके लिए झारखंड टीम का राज्यस्तरीय चयन ट्रायल 22 जून को रांची में होगा।

हॉकी झारखंड की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, चयन ट्रायल सुबह नौ बजे से मोरहाबादी स्थित मारांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इसमें राज्य के सभी योग्य जूनियर पुरुष हॉकी खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

संघ ने बताया कि ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की जन्म तिथि एक जनवरी 2007 या उसके बाद की होनी चाहिए। खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया के दौरान आधार कार्ड, हॉकी इंडिया आईडी कार्ड और नगर निगम या पंचायत द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों के अभाव में किसी खिलाड़ी को ट्रायल में शामिल नहीं किया जाएगा।

हॉकी झारखंड ने सभी पात्र खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ चयन स्थल पर पहुंचे, ताकि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से पूरी की जा सके।

चयन के दौरान खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, फिटनेस, खेल कौशल, रणनीतिक समझ और मैदान पर प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। चयनकर्ताओं की रिपोर्ट के आधार पर अंतिम टीम की घोषणा की जाएगी। संघ ने उम्मीद जताई है कि राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस अवसर का लाभ उठाकर राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करेंगे।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu