रामगढ़, 13 जून (हि.स.)। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ऋतुराज ने शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया।
डीसी ने सुरक्षा बलों को चौबीसों घंटे पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर तैनात रहने और निर्वाचन आयोग के निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी रवींद्र कुमार गुप्ता ने डीसी को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, लॉग बुक के संधारण और सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति में वेयरहाउस के तालों और सील की जांच की गई, जिस पर सभी प्रतिनिधियों ने संतोष जताया।