गढ़ी कैंट कंट्रोल रूम से चारधाम यात्रा पर 24 घंटे निगरानी, 45 हजार से अधिक शिकायतों का हुआ समाधान

देहरादून, 16 जून (हि.स.)। उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में स्थापित यह अत्याधुनिक कंट्रोल रूम पांचों धामों में यात्रियों की गतिविधियों की 24 घंटे निगरानी कर रहा है और यात्रा से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया जा रहा है।

चारधाम यात्रा के लिए अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि 36 लाख से अधिक यात्री पांचों धामों के दर्शन कर चुके हैं। कंट्रोल रूम में 35 से अधिक कर्मचारी चार शिफ्टों में तैनात हैं, जो यात्रा मार्ग, मौसम, यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसके अलावा उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण स्तर पर भी चार सदस्यीय टीम यात्रा की निगरानी कर रही है।

यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए इस कंट्रोल रूम में अब तक 45 हजार से अधिक शिकायतों और पूछताछ का निस्तारण किया जा चुका है। इनमें हेलीकॉप्टर सेवा से संबंधित 4,469, यात्रा पंजीकरण से जुड़ी 31,942, वाहन पंजीकरण की 1,370, बीकेटीसी पूजा व्यवस्था से संबंधित 270, जीएमवीएन टूर से जुड़ी 261 और अन्य 785 शिकायतें शामिल हैं।

कंट्रोल रूम के माध्यम से मौसम विभाग से मिलने वाली जानकारी भी पंजीकृत श्रद्धालुओं तक व्हाट्सएप के जरिए पहुंचाई जा रही है, ताकि यात्री मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बना सकें।

इस बार चारधाम यात्रा में आधार आधारित पंजीकरण व्यवस्था लागू की गई है, जिससे फर्जी रजिस्ट्रेशन पर प्रभावी रोक लगी है और यात्रा व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनी है।

उप निदेशक पर्यटन एवं नोडल चारधाम यात्रा कंट्रोल अमित लोहनी ने बताया कि मानसून को देखते हुए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद कार्यालय में 24 घंटे कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को पंजीकरण, यात्रा मार्ग, मौसम और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि कॉल सेंटर में आने वाली शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समाधान कराया जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर यात्रियों को समय-समय पर मौसम अपडेट भी भेजे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह कंट्रोल रूम सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मददगार साबित हो रहा है। यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराकर चारधाम यात्रा को सरल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने का प्रयास लगातार जारी है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu