झारखंड में मानसून कमजोर, बारिश की कमी से उमस और गर्मी बढ़ी

रांची, 16 जून (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिम मानसून के झारखंड पहुंचने के बाद भी इसकी रफ्तार कमजोर बनी हुई है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। 12 जून को मानसून के आगमन के बाद रांची सहित कुछ इलाकों में बारिश हुई, लेकिन कई जिलों में अब भी वर्षा की कमी बनी हुई है।

बारिश की कमी का सीधा असर खेती-किसानी पर पड़ने लगा है। किसान मौसम के बदलते मिजाज को लेकर चिंतित हैं और अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 जून को राज्य के पूर्वी तथा आसपास के मध्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसे देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं, 22 जून तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। इस अवधि में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान सबसे अधिक बारिश पाकुड़ जिले के महेशपुर में 21.4 मिलीमीटर दर्ज की गई।

मंगलवार को राजधानी रांची में सुबह से मौसम साफ रहा और तेज धूप के कारण गर्मी व उमस बढ़ गई। रांची में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री, डाल्टनगंज में 40.4 डिग्री, बोकारो में 38.5 डिग्री और चाईबासा में 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu