पूर्वी सिंहभूम, 17 जून (हि.स.)। मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत बालीगुमा में मंगलवार देर रात एक युवक पर फायरिंग की घटना सामने आई है। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर निवासी देवदास गौड़ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार गोली देवदास गौड़ की गर्दन में लगी है। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की टीम उसका इलाज कर रही है और गोली निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार देवदास मंगलवार शाम अपने एक दोस्त के साथ राजनगर से बालीगुमा पहुंचा था। वह शाम करीब सात बजे से इलाके में मौजूद था। देर रात अज्ञात अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद उसे एक थार वाहन से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वाहन में सवार लोग उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद एमजीएम थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल युवक से जानकारी लेने का प्रयास किया। पुलिस ने घटनास्थल समेत आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक फायरिंग करने वालों की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने वाले देवाशीष पोद्दार, नीरज प्रधान और आरआईटी थाना में तैनात एएसआई पंकज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस के अनुसार तीनों के बयान में अंतर सामने आया है, जिससे जांच जटिल हो गई है।
एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना से जुड़े लोगों के नशे में होने की बात सामने आई है। आशंका है कि नशे की हालत में किसी विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई। हालांकि पुलिस अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है। वहीं घायल देवदास गौड़ की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।