पलामू, 17 जून (हि.स.)। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में 73 वर्षीय वृद्ध शिव महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार को भीतर बांध तालाब के पास उनका शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा होने की बात कह रही है।
जानकारी के अनुसार, शिव महतो रोज की तरह मंगलवार को भैंस चराने के लिए भीतर बांध तालाब की ओर गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को उनकी मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उनका शव तालाब किनारे मिला। परिजनों का कहना है कि मृतक के कपड़े सूखे हुए थे, जबकि कुछ कपड़े और जूते गायब थे, जिससे उन्हें घटना पर संदेह हुआ।
परिजनों के अनुसार, शव घर लाने के बाद शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए। मृतक के पुत्र कमलेश यादव ने गांव के ही अशोक भुइहर और मनतू भुइहर पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पहले भी आरोपितों ने तालाब क्षेत्र में भैंस चराने से रोका था और धमकी दी थी।
वहीं, रामगढ़ थाना प्रभारी ओमप्रकाश साह ने बताया कि घटनास्थल की जांच की गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, भैंस तालाब में चली गई थी, जिसे निकालने के दौरान शिव महतो डूबने लगे थे। हालांकि उन्हें बाहर निकाल लिया गया था। पुलिस ने बताया कि शरीर में पानी की मात्रा अधिक नहीं मिली है और चोट के निशान भी गंभीर वार जैसे प्रतीत नहीं हो रहे हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मेदिनीनगर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
परिजनों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।