रनिया हत्याकांड का खुलासा: पत्नी समेत तीन गिरफ्तार, सड़क हादसे का दिया था रूप

खूंटी, 17 जून 2026। जिले के रनिया थाना क्षेत्र में तांबा जंगल के पास 15 जून को मिले रोहेश्याम साहू के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझाई और मामले में मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। जांच में सामने आया कि रोहेश्याम साहू पर पहले डंडे से हमला किया गया और इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को मृतक की ही स्कूटी से तांबा जंगल के पास ले जाकर फेंका गया। आरोपियों ने शव को पत्थर से कुचलने का प्रयास भी किया था।

पुलिस ने बताया कि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव के पास मृतक की स्कूटी इस तरह खड़ी की गई थी, जिससे मामला हादसा प्रतीत हो।

तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा, घटना के समय पहना गया चप्पल, दो मोबाइल फोन और मृतक की स्कूटी बरामद की है। आरोपियों के मोबाइल से घटना से जुड़े फोटो और वीडियो भी मिले हैं।

गिरफ्तार आरोपी:

  • लक्ष्मी देवी (40 वर्ष), किशुनपुर गांव, थाना रनिया, खूंटी
  • संदीप मांझी (26 वर्ष), बिरता गांव, थाना तपकरा, खूंटी
  • रविंद्र मांझी (18 वर्ष), किशुनपुर गांव, थाना रनिया, खूंटी

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu