कुल्लू, 18 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के गुरुग्राम निवासी मां और उसके मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा ग्रामफू के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़ी एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार गुरुग्राम निवासी दीपक कुमार सिंह ने अपनी कार (एमएच-14 एलपी-9048) को सड़क किनारे पार्क किया था। हादसे के समय वाहन में तीन लोग सवार थे। अचानक कार किसी कारणवश सड़क से नीचे लुढ़कते हुए खाई में जा गिरी।
दुर्घटना में तनु कुमारी (26), पत्नी दीपक कुमार सिंह, निवासी सियाराम एन्क्लेव, गुरुग्राम और उनके पुत्र दक्ष कुमार सिंह की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। दोनों को मनाली नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, कार में सवार सविता देवी (52), पत्नी मनोज सिंह, निवासी भीखनपुरा, देसरी, वैशाली (बिहार) गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका इलाज मनाली नागरिक अस्पताल में चल रहा है।
लाहौल-स्पीति की पुलिस अधीक्षक शिवानी मेलहा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़ी कार किन परिस्थितियों में खाई में गिरी।