रांची स्थित आरएसएस कार्यालय परिसर में पेट्रोल बम फेंकने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी घटना के बाद ट्रेन से दिल्ली भागने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपित रांची-नई दिल्ली झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से फरार हो रहे थे। सूचना मिलने के बाद रांची, बोकारो और कोडरमा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस टीम ने अलग-अलग स्टेशनों से ट्रेन में सवार होकर बोगियों की निगरानी शुरू की।
गया जंक्शन पार करने के बाद रफीगंज के पास पुलिस ने जनरल बोगी से दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूरे अभियान की निगरानी रांची के सिटी एसपी कर रहे थे।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को रफीगंज स्टेशन से उतारकर कोडरमा के रास्ते रांची लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। अभियान में तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह के अलावा रांची, बोकारो और कोडरमा जिले के पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
पुलिस अब आरोपियों से घटना की पूरी जानकारी, हमले के कारण और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।