झारखंड में मानसून की बारिश कमजोर पड़ने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे अधिक तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस अधिक चाईबासा में दर्ज किया गया। वहीं डाल्टनगंज में तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री और रांची में 2.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया।
पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उमस की स्थिति भी बनी हुई है। बोकारो थर्मल में सबसे अधिक 79 प्रतिशत आर्द्रता दर्ज की गई।
गुरुवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे। दोपहर बाद आसमान में काले घने बादल भी दिखाई दिए, लेकिन बारिश नहीं हुई।
तापमान की बात करें तो गुरुवार को रांची में अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 25.3 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 39 डिग्री और न्यूनतम 28.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 42.4 डिग्री और न्यूनतम 28.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 40.5 डिग्री और न्यूनतम 28.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 39.4 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।