मंगल बाजार में मिले महिला के शव की हुई पहचान, लू लगने से मौत की आशंका

शहर के मंगल बाजार क्षेत्र में बुधवार शाम मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान पुलिस ने गुरुवार को कर ली है। मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुटूसाई गांव निवासी करीब 40 वर्षीय कांता मुंडा के रूप में हुई है। पहचान के बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और शव की पुष्टि की।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम सदर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मंगल बाजार के अंदर एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां जांच के दौरान महिला को मृत पाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा और पहचान की प्रक्रिया शुरू की।

इधर, कांता मुंडा के घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मंगल बाजार से एक महिला का शव बरामद होने और सदर अस्पताल लाए जाने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान कांता मुंडा के रूप में की।

परिजनों के मुताबिक, कांता मुंडा बाजार गई थीं, लेकिन वापस घर नहीं लौटीं। उनका अनुमान है कि भीषण गर्मी और लू के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई होगी, जिसके बाद वह सड़क पर गिर गईं और उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

सदर थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में उसे परिजनों को सौंप दिया। मृतका के भसुर सोहन मुंडा ने बताया कि कांता मुंडा उनके छोटे भाई की पत्नी थीं और आशंका है कि अत्यधिक गर्मी या लू लगने से उनकी मौत हुई है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu