सड़क चौड़ीकरण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, ग्रामीणों ने जताई दुर्घटना की आशंका

पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। काटिन, गोपालपुर, गैंगड़ा, काश्मार, बनकुंचिया, बनडीह, कांकू और दांदू होते हुए पश्चिम बंगाल सीमा तक हो रहे सड़क निर्माण में कई जगह पुलिया और कलवर्ट निर्माण के लिए गहरी खुदाई की गई है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।

गुरुवार को समाजसेवी विश्वनाथ महतो के नेतृत्व में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल पटमदा प्रखंड कार्यालय पहुंचा और प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास के निर्देश पर प्रधान लिपिक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर, फ्लैश लाइट और रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा उठाया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम और रात के समय खुले गड्ढों व निर्माण स्थलों के कारण हादसे की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से निर्माण एजेंसी को तत्काल सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का निर्देश देने की मांग की है।

समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि सड़क निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी है, लेकिन लोगों की सुरक्षा को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ग्राम प्रधान मृत्युंजय महतो समेत अन्य ग्रामीण प्रतिनिधियों ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर शीघ्र सुरक्षा उपाय लागू करने की अपील की है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu