अदालत के आदेश पर भालूबासा में छह दुकानें ध्वस्त, कार्रवाई की निष्पक्षता पर उठे सवाल

सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा चौक पर गुरुवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) और जुस्को की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान जेसीबी की मदद से छह दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने यह कार्रवाई वर्ष 2024 में दायर याचिका पर न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की है।

जानकारी के अनुसार, भालूबासा गोलचक्कर निवासी अजय नाथ ने अपने घर के सामने सरकारी जमीन पर संचालित दुकानों को लेकर अदालत में याचिका दायर की थी। याचिका में उन्होंने अतिक्रमण के कारण हो रही परेशानियों का उल्लेख किया था। इसके बाद न्यायालय ने अवैध कब्जे हटाने का निर्देश दिया था।

                                                         

अभियान के दौरान आशीष कुमार सोनकर, हरे कृष्णा पुथल, मनोज कुमार, संजय कुमार, शीतल और आरती की दुकानों को हटाया गया। दुकानदारों के विरोध के बावजूद प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी और न्यायालय के आदेश का हवाला दिया।

प्रभावित दुकानदार संजय साव ने आरोप लगाया कि वह करीब 50 वर्षों से यहां दुकान चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि जेएनएसी के उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार की ओर से उन्हें नोटिस भी दिया गया था। उनका आरोप है कि कार्रवाई में चुनिंदा दुकानों को निशाना बनाया गया, जबकि आसपास कई अन्य दुकानें भी कथित तौर पर सरकारी जमीन पर बनी हुई हैं।

स्थानीय लोगों ने भी कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए पूरे क्षेत्र की जांच और सभी दुकानदारों के भूमि दस्तावेजों की जांच की मांग की है। प्रशासन ने कहा है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu