आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी में निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान चौका थाना क्षेत्र के बालीडीह निवासी 22 वर्षीय रवि मांझी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रवि मांझी कपाली के गौस नगर निवासी ठेकेदार शरीफ अंसारी के अधीन मजदूरी कर रहा था। बुधवार को निर्माण कार्य के दौरान वह बिजली की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। सहकर्मी मजदूर उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और साथियों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि ठेकेदार ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव को मृतक के पैतृक गांव भिजवा दिया। परिजनों के मुताबिक ठेकेदार ने इलाज के नाम पर 13,500 रुपये दिए थे और आगे सहायता का भरोसा भी दिलाया था, लेकिन बाद में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
बुधवार रात ग्रामीणों ने बैठक के बाद शव को लेकर आजादनगर थाना पहुंचे। मृतक के साथी रंजीत मंडल ने बताया कि वे लोग देर रात थाना पहुंचे और गुरुवार सुबह तक वहीं मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस ठेकेदार से संपर्क करने का प्रयास करती रही, लेकिन उसका फोन बंद मिला।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के परिजनों ने ठेकेदार और मकान मालिक से मुआवजे की मांग की है। फिलहाल इस मामले में थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।