कदमा टावर रोड स्थित टाटा स्टील के आवासीय क्वार्टर संख्या एल5-55 को खाली कराने को लेकर शुक्रवार को विवाद हो गया। टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) और एसआरटी की टीम कथित अवैध कब्जा हटाने पहुंची थी, जिसका क्वार्टर में रह रहे ट्रैफिक पुलिस के एएसआई अमरेश कुमार सिंह के परिवार ने विरोध किया।
कार्रवाई के दौरान कंपनी अधिकारियों और परिवार के सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई। मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कई घंटे चली प्रक्रिया के बाद कंपनी ने क्वार्टर खाली कराकर उसे अपने कब्जे में ले लिया और सील कर दिया।
यूआईएसएल अधिकारियों का कहना है कि क्वार्टर का वैध आवंटन काफी पहले समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वहां करीब ढाई वर्षों से अनधिकृत रूप से निवास किया जा रहा था। कंपनी का आरोप है कि आवास खाली कराने के लिए पहले कई बार मौखिक आग्रह किया गया और बाद में लिखित नोटिस भी जारी किए गए थे।
कंपनी के अनुसार, क्वार्टर खाली होने के बाद बिजली और पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद इन सुविधाओं का कथित रूप से उपयोग किया जा रहा था, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा था।
वहीं, एएसआई अमरेश कुमार सिंह ने कंपनी के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उन्हें क्वार्टर खाली करने संबंधी कोई विधिवत नोटिस नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी ने बिना उनकी बात सुने एकतरफा कार्रवाई की।
घटना की सूचना मिलने के बाद कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में यूआईएसएल की टीम ने आगे की कार्रवाई पूरी की। कंपनी अधिकारियों ने दावा किया कि सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए क्वार्टर खाली कराया गया है।