राहुल गांधी के जन्मदिन पर बच्चों के बीच बांटी गई अध्ययन सामग्री

जिले के जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के कालिंदी टोला में शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन सामाजिक और शैक्षणिक जागरूकता कार्यक्रम के रूप में मनाया गया। इस मौके पर बच्चों के साथ केक काटकर उन्हें कॉपी और पेन वितरित किए गए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी समाज के विकास की बुनियाद शिक्षा होती है। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता सरफराज अंसारी ने कहा कि भीमराव आंबेडकर के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में शिक्षा का प्रसार करना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कलम और किताब ही ऐसे साधन हैं, जिनके माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

उन्होंने ग्रामीणों को कांग्रेस की नीतियों और राहुल गांधी के विचारों से भी अवगत कराया।

इस अवसर पर कांग्रेस के कोल्हान प्रभारी, एससी विभाग कांग्रेस के प्रतिनिधि और कामगार कर्मचारी कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष सूरज मुखी, अली साई, छेतु कलांदी, मिथुन कलांदी, जितेन कलांदी, सोमबीर कलांदी, जेमा कलांदी सहित कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu