विद्या विहार पब्लिक स्कूल में योग दिवस पर विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्या विहार पब्लिक स्कूल, तोरपा में शनिवार को योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई। इसके बाद शिक्षिका सोनी और शिक्षक शुभम ने विद्यार्थियों को योग के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने में सहायक है।

इस दौरान शिक्षक शुभम ने विद्यार्थियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन और अनुलोम-विलोम प्राणायाम सहित कई योगाभ्यास कराए। नर्सरी से लेकर दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ योग में हिस्सा लिया। शिक्षकों ने भी बच्चों के साथ योगाभ्यास कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या कविता जायसवाल ने विद्यार्थियों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कुछ समय योग करने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu