कैंब्रियन स्कूल में योग सप्ताह का समापन, विद्यार्थियों-अभिभावकों ने लिया नियमित योग का संकल्प

रांची के कैंब्रियन पब्लिक स्कूल में आयोजित छह दिवसीय योग सप्ताह का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। समापन समारोह में विद्यालय की निदेशक-सह-प्राचार्या परमजीत कौर ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मसंयम और चारित्रिक विकास का भी आधार है।

उन्होंने कहा कि बचपन से ही योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने से व्यक्ति और समाज का समग्र विकास संभव है। विद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को वर्षभर योग के प्रति जागरूक करें और स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए प्रेरित करें।

विद्यालय में 15 से 20 जून तक चले योग सप्ताह में प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान योगासन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, पिरामिड निर्माण समेत कई व्यवहारिक गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा योग क्विज, संभाषण कार्यक्रम और प्लेकार्ड निर्माण के माध्यम से योग जागरूकता अभियान भी चलाया गया।

फादर्स डे के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे परिवार के स्वास्थ्य और बेहतर जीवनशैली के लिए उपयोगी बताया।

‘योग संगम’ पहल के तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक योग प्रदर्शन किया। इस दौरान विभिन्न योग आसनों और उनके लाभों की जानकारी दी गई। सामूहिक अभ्यास ने अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने नियमित योगाभ्यास को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाता रहेगा।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu