पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह जमीन विवाद को लेकर पीएचईडी ठेकेदार संजय तिवारी उर्फ गुड्डू को गोली मार दी गई। घटना पांकी रोड स्थित जीएलए कॉलेज के पास हुई। गोली मारने का आरोप उनके भतीजे प्रीतम तिवारी पर लगा है।
जानकारी के अनुसार, बारालोटा निवासी संजय तिवारी हर शनिवार की तरह काली मंदिर में पूजा करने गए थे। मंदिर से घर लौटने के दौरान घात लगाए प्रीतम तिवारी ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके सीने में लगी। गंभीर रूप से घायल संजय तिवारी को स्थानीय लोगों की मदद से मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। एक्सरे में गोली शरीर के अंदर फंसी होने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में घटना का कारण जमीन विवाद सामने आया है।
संजय तिवारी के पिता लव तिवारी ने बताया कि खरीदी गई 22 डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मामले में जगन्नाथ तिवारी और उनके पुत्र सतीश तिवारी ने मुकदमा दर्ज कराया था, जिसकी शनिवार को तारीख थी। उन्होंने बताया कि सतीश तिवारी का बेटा प्रीतम सुबह से ही कई बार फोन कर संजय तिवारी को बुला रहा था और उसे पता था कि वह हर शनिवार मंदिर जाते हैं।
घटना के बाद परिजनों में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में रिश्तेदार और परिचित लोग अस्पताल पहुंचे। पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।