झारखंड में गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने 26 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कई क्षेत्रों में वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में शनिवार को भी गर्मी और उमस का असर बना रहा। दिनभर तेज धूप और वातावरण में अधिक नमी के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। नमी और तापमान के संयुक्त प्रभाव से लोगों को वास्तविक तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश पलामू जिले के लेस्लीगंज क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां 84 मिलीमीटर वर्षा हुई। हालांकि कुछ इलाकों में बारिश के बावजूद राज्य के कई हिस्सों में उमस और गर्मी का प्रभाव जारी रहा।
राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक तापमान डाल्टेनगंज में 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 20.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी में अधिकतम आर्द्रता 89 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे उमस बढ़ गई। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा।
पलामू के डाल्टेनगंज में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम 27.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और वज्रपात से सतर्क रहने की अपील की है।