भूमि विवाद में महिला पर जानलेवा हमले का आरोप, एसएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत पलाशबानी गांव की रहने वाली रायमुनी मार्डी ने भूमि विवाद में हुए जानलेवा हमले के मामले में शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे उन्हें और उनके परिवार को खतरा बना हुआ है।

रायमुनी मार्डी ने एसएसपी को दिए आवेदन में बताया कि 16 जून की सुबह पलाशबानी मौजा स्थित उनकी रैयती जमीन पर खेती करने के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें काम करने से रोक दिया। आरोप है कि इस दौरान विवाद बढ़ने पर हाड़ीराम मार्डी उर्फ चैतन मार्डी, कमल मार्डी, चुनटू मार्डी उर्फ दिकु मार्डी, संगीता मार्डी और सोना मार्डी ने उनके साथ मारपीट की।

महिला का आरोप है कि संगीता मार्डी ने धारदार हथियार से उनके गले पर हमला किया, जबकि सोना मार्डी ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार करने का प्रयास किया। वहीं, अन्य आरोपियों पर उन्हें पकड़कर रखने का आरोप लगाया गया है। हमले में घायल रायमुनी का इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया।

मामले को लेकर एमजीएम थाना में कांड संख्या 75/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। रायमुनी का आरोप है कि गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने के बाद भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने एसएसपी से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu