हाथियों का कहर: कोडरमा में महिला को कुचलकर मार डाला, ग्रामीणों में दहशत

झारखंड के कोडरमा जिले में हाथियों के झुंड ने एक बार फिर जमकर उत्पात मचाया है। डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र के दुरोडीह और तेतरियाडीह गांव में बुधवार रात हाथियों ने कई घरों की दीवारें तोड़ दीं। इसके बाद गुरुवार तड़के हाथियों के हमले में एक महिला की मौत हो गई।

मृतका की पहचान तेतरियाडीह गांव निवासी 55 वर्षीय सुदामा देवी (पति केदार मेहता) के रूप में हुई है। बताया गया कि हाथियों के गांव में घुसने के बाद ग्रामीणों ने बम-पटाखे फोड़कर उन्हें भगाने का प्रयास किया, जिसके बाद हाथियों का झुंड तेतरियाडीह की ओर चला गया। भय के कारण ग्रामीण पूरी रात जागकर निगरानी करते रहे।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब पांच बजे सुदामा देवी खेत की ओर टहलने गई थीं। इसी दौरान एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए भागने के क्रम में वह खेत में गिर गईं, जिसके बाद हाथी ने उन्हें कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिमन्यु पडिहारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया है।

घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के आतंक से निजात दिलाने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो वर्षों में हाथियों के हमले में करीब 24 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि किसानों को लाखों रुपये की संपत्ति और फसलों का नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार घटनाओं के बावजूद हाथियों को क्षेत्र से बाहर नहीं भेजा जा सका है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले भी हाथियों के झुंड ने डोमचांच प्रखंड के गोलगो गांव में कई घरों को नुकसान पहुंचाया था, जिससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक क्षति हुई थी।

Lucky Sahu
Author: Lucky Sahu