जमशेदपुर के परसुडीह स्थित एक इंटर कॉलेज में छात्र के हथियार लेकर पहुंचने का मामला सामने आया है। 12वीं कक्षा के एक छात्र द्वारा कॉलेज परिसर में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस लाने तथा सहपाठियों को दिखाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
घटना 19 जून की बताई जा रही है। विज्ञान संकाय का एक छात्र अपने बैग में देसी कट्टा और कारतूस लेकर कॉलेज पहुंचा था। कक्षा के दौरान उसने कुछ साथियों को हथियार दिखाया। इसी दौरान एक छात्र ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे छात्रों की पहचान की गई, जिसमें पुष्टि हुई कि सभी छात्र उसी कॉलेज के 12वीं विज्ञान संकाय के विद्यार्थी हैं।
कॉलेज के प्राचार्य एससी महतो ने बताया कि पूछताछ में संबंधित छात्र ने हथियार और कारतूस कॉलेज लाने की बात स्वीकार की है। छात्र ने बताया कि उसे यह हथियार एक परिचित व्यक्ति ने उपलब्ध कराया था।
प्राचार्य के अनुसार, छात्रों के बीच हाल में हुए विवाद और मारपीट की घटनाओं के बाद दबदबा बनाने के उद्देश्य से छात्र हथियार लेकर कॉलेज पहुंचा था। मामले में शामिल तीनों छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
कॉलेज प्रबंधन ने घटना को गंभीर मानते हुए संबंधित छात्रों के निष्कासन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, निगरानी बढ़ाने और अनुशासन नियमों को सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया गया है।
घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। उन्होंने हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल कॉलेज प्रशासन मामले की आगे जांच कर रहा है।