पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर स्थित टेल्को थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती में करंट लगने से टाटा मोटर्स के एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय चंद्रभान सिंह के रूप में हुई है। वह टाटा मोटर्स के ईआरसी विभाग में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, चंद्रभान सिंह बुधवार को बी-शिफ्ट की ड्यूटी पूरी कर रात करीब 10 बजे अपने घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद उन्होंने लंबे समय से खराब पड़े इन्वर्टर को खुद ठीक करने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान अचानक इन्वर्टर में तेज धमाका हुआ और वह करंट की चपेट में आ गए।
हादसे के बाद चंद्रभान सिंह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तत्काल उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि चंद्रभान सिंह परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से परिजनों के साथ-साथ सहकर्मियों और आसपास के लोगों में शोक की लहर है।
घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह टेल्को थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।