पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में गुरुवार को फोरलेन सड़क पर हुए दर्दनाक हादसे में एक स्कूटी सवार की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और ओवरब्रिज निर्माण समेत मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मृतक की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के करार निवासी 35 वर्षीय माजिद आलम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, माजिद आलम स्कूटी से मेदिनीनगर की ओर आ रहे थे। पोखराहा चौक के पास फोरलेन सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौजूद परिचितों ने शव की पहचान कर परिजनों को घटना की सूचना दी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पोखराहा के पास नेशनल हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी उपायुक्त को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। वे किसी निचले स्तर के प्रशासनिक अधिकारी से बातचीत करने को तैयार नहीं हैं।
जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पोखराहा चौक पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। बीते 15 दिनों में यहां तीन लोगों की मौत हो चुकी है। तीन दिन पहले भी एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हुई थी, जिसके विरोध में लोगों ने करीब साढ़े तीन घंटे तक हाईवे जाम किया था।