अयोध्या। राम मंदिर दान से जुड़े कथित गबन और ठगी मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर भगवान श्रीराम जन्मभूमि के नाम से छपवाई गई कथित फर्जी दान रसीद बुक बरामद हुई है। आरोप है कि आरोपी श्रद्धालुओं से नकली रसीद देकर दान की राशि वसूलते थे, जिससे लोगों को असली और नकली रसीद में अंतर समझ नहीं आता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि मंदिर में ऑनलाइन रसीद व्यवस्था लागू होने के बाद आरोपियों ने कागजी रसीदों का इस्तेमाल बंद कर दिया था। मामले की जांच कर रही एसआईटी कथित गबन, नकली रसीदों और दान राशि के लेनदेन से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस और जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले में बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।