पेंशन दिलाने का झांसा देकर रेलकर्मी के परिवार से 1.65 लाख की साइबर ठगी

 

चक्रधरपुर, 08 जुलाई। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के सोकासाई गांव में साइबर ठगों ने दिवंगत रेलकर्मी के परिवार को पारिवारिक पेंशन शुरू कराने का झांसा देकर 1.65 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। ठगों ने डीआरएम कार्यालय के पेंशन अनुभाग का अधिकारी बनकर फोन किया और महज 39 मिनट में बैंक खाते से 1,65,875 रुपये निकाल लिए। समय रहते खाते को फ्रीज कराए जाने से उसमें जमा चार लाख रुपये से अधिक की शेष राशि सुरक्षित बच गई।

जानकारी के अनुसार, दिवंगत रेलकर्मी तुलसी सांडिल की पुत्री चुन्नी सांडिल के नाम पारिवारिक पेंशन स्वीकृत होनी थी। इसी का फायदा उठाते हुए 6 जुलाई को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर पेंशन प्रक्रिया पूरी कराने का भरोसा दिलाया। ठगों ने पीपीओ नंबर और अन्य जानकारी बताकर परिवार का विश्वास जीता, फिर बैंक संबंधी जानकारी और एक लिंक इंस्टॉल कराने के बाद खाते से तीन बार में रकम उड़ा ली।

मोबाइल पर निकासी के संदेश मिलते ही पीड़ित परिवार तत्काल बैंक पहुंचा और खाते को फ्रीज करा दिया, जिससे बड़ी राशि बच गई। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस साइबर अपराधियों की पहचान और ठगी गई रकम की ट्रैकिंग में जुटी है।

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi

और पढ़ें