झारखंड में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, बारिश का घाटा घटकर 34% हुआ, 12 जुलाई के लिए येलो अलर्ट

 

रांची, 08 जुलाई।
झारखंड में पिछले एक सप्ताह के दौरान मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे राज्य में वर्षा की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। हालांकि, एक जून से आठ जुलाई तक राज्य में अब भी सामान्य से 34 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इससे पहले दो जुलाई तक वर्षा का घाटा 46 प्रतिशत था। हालिया बारिश से कृषि गतिविधियों को गति मिली है और किसानों में राहत का माहौल है।

राजधानी रांची में अब तक सबसे संतोषजनक वर्षा दर्ज की गई है। यहां सामान्य 273.2 मिमी के मुकाबले 259.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से केवल 5 प्रतिशत कम है। वहीं, सबसे खराब स्थिति गोड्डा जिले की है, जहां सामान्य 239.8 मिमी के मुकाबले सिर्फ 52.8 मिमी वर्षा हुई है। गढ़वा में भी सामान्य से 75 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। चतरा, कोडरमा, पाकुड़, लोहरदगा और देवघर जिलों में भी वर्षा सामान्य से काफी कम रही।

मौसम विभाग ने 12 जुलाई को राज्य के मध्यवर्ती और उत्तर-पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

पिछले 24 घंटों में राज्य में सर्वाधिक 29 मिमी वर्षा लोहरदगा में दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 32.9 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रांची में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे, हालांकि बारिश नहीं हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 32 डिग्री, डाल्टनगंज में 32.5 डिग्री, बोकारो में 32.1 डिग्री और चाईबासा में 28.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi

और पढ़ें