साकची में नाले से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस

 

पूर्वी सिंहभूम, 08 जुलाई।
पूर्वी सिंहभूम जिले के साकची थाना क्षेत्र स्थित बागमती रोड के समीप एक नाले से बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह स्थानीय लोगों की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल साकची थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव काफी समय से नाले के पानी में पड़ा हुआ था। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव पूरी तरह फूल गया है और चेहरा इस कदर बिगड़ चुका है कि उसकी पहचान कर पाना फिलहाल संभव नहीं हो सका है। शव की स्थिति भी क्षत-विक्षत बताई जा रही है।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

फिलहाल साकची थाना पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। इसके लिए आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi

और पढ़ें