बिजनौर, 08 जुलाई।
उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल ने बुधवार को बिजनौर के नुमाइश ग्राउंड स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौवंश को गुड़ खिलाकर उनका पूजन एवं माल्यार्पण किया तथा गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण में गौशाला में कुल 218 गौवंश संरक्षित पाए गए, जिनमें 24 नर और 194 मादा गौवंश शामिल हैं। इनमें से पांच गौवंश अस्वस्थ मिले, जिनके बेहतर उपचार के लिए सदस्य ने पशु चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए।
दीपक गोयल ने कहा कि सभी बीमार गौवंश का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए। उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए और पूरी तरह स्वस्थ होने तक दवाइयों व देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने अन्य गौवंशों को बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को गौशाला में स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा सभी व्यवस्थाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि गौवंशों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर अपर निदेशक (प्रथम) पशुपालन विभाग मुरादाबाद मंडल डॉ. जगदीश प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अग्रवाल, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुधीर कुमार, डॉ. अनुपम जैन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।