हादसे करंटके मृतक के परिजनों को जल्द मिलेगा 5 लाख का मुआवजा, प्रक्रिया तेज

 

पश्चिमी सिंहभूम, 08 जुलाई।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र के असुरा-हाथी मंडा रोड के पास करंट लगने से जान गंवाने वाले 25 वर्षीय आकाश कुमार के परिजनों को जल्द ही पांच लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि मिलने की उम्मीद है। मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

बुधवार को नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश और वार्ड पार्षद धर्मवीर पासवान ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम राणा को मृतक के परिवार से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज सौंप दिए। इसके बाद विभाग ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मधु बाजार झोपड़ बस्ती निवासी आकाश कुमार की 12 अप्रैल 2026 को असुरा-हाथी मंडा रोड के पास करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहा है।

नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी जरूरी दस्तावेज विभाग को सौंप दिए गए हैं। वहीं वार्ड पार्षद धर्मवीर पासवान ने बताया कि घटना के बाद से ही वे मृतक के परिवार के संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम राणा ने बताया कि दस्तावेज प्राप्त होने के बाद विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

गौरतलब है कि 12 अप्रैल 2026 को हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। अब मुआवजा प्रक्रिया में तेजी आने से पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

 

Mihir Tripathi
Author: Mihir Tripathi